Newsझारखण्ड

चाकूलिया सीएचसी में कैंसर जागरूकता सह जांच शिविर, 4 संदिग्ध मरीज चिन्हित

जमशेदपुर, :

टाटा स्टील फाउंडेशन के सौजन्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चाकूलिया में बुधवार को कैंसर जागरूकता सह जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक करना एवं प्रारंभिक जांच के माध्यम से संभावित मरीजों की पहचान करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत टाटा स्टील फाउंडेशन की चिकित्सक डॉ. प्राची द्वारा कैंसर के कारण, लक्षण एवं बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी के साथ हुई। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार के संदिग्ध लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लें और नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चाकूलिया के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रंजीत कुमार मुर्मू ने कहा, “कैंसर को हराना है, हारना नहीं। सभी को समझाना है, घबराना नहीं।” उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उपचार से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी पर नियंत्रण पाया जा सकता है।

शिविर के दौरान डॉ. प्राची एवं उनकी टीम द्वारा कुल 26 मरीजों की जांच की गई, जिनमें से 4 मरीजों को संदिग्ध कैंसर के रूप में चिन्हित किया गया। इन मरीजों को आगे की जांच एवं उपचार के लिए आवश्यक परामर्श दिया गया।

इस जागरूकता सह जांच अभियान को सफल बनाने में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रंजीत कुमार मुर्मू, जिला डाटा प्रबंधक दिलीप कुमार, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक सतीश कुमार वर्मा, मनसा पात्रा, गणेश रविदास सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चाकूलिया के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *