Newsझारखण्ड

ट्रैक मेंटेनर की सुरक्षा पर कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं: चांद मोहम्मद  

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): चक्रधरपुर मंडल के अंतर्गत पीडब्ल्यूआई चाईबासा के अधीन तालाबुरु सेक्शन में शुक्रवार सुबह एक घटना ने ट्रैक मेंटेनरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6:00 बजे किलोमीटर संख्या 337/6-8 के पास आठ हाथियों का झुंड रेल लाइन की ओर बढ़ता हुआ देखा गया, जो आगे किलोमीटर 336/0 की दिशा में जा रहा था। उस समय ट्रैक मेंटेनर नाइट कोल्ड वेदर पेट्रोलिंग पर तैनात थे।

 

अचानक हाथियों के झुंड को देखकर ड्यूटी पर मौजूद ट्रैक मेंटेनर और कीमैन भयभीत हो गए। यह क्षेत्र हाथी प्रभावित जोन में आता है, जिससे कर्मचारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। घटना के बाद कर्मचारियों ने अपनी आशंकाएं विभागीय अधिकारियों तक पहुंचाई हैं।

 

ऑल इंडिया रेलवे ट्रैक मेंटेनर यूनियन ने इस मामले को गंभीरता से उठाया है। यूनियन के प्रतिनिधि चांद मोहम्मद ने कहा कि ट्रैक मेंटेनरों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने रेल प्रशासन से मांग की है कि चक्रधरपुर मंडल के जिन सेक्शनों को हाथी जोन घोषित किया गया है, वहां कोल्ड वेदर पेट्रोलिंग पर तत्काल रोक लगाई जाए, ताकि किसी भी अनहोनी घटना से बचा जा सके।

 

यूनियन ने यह भी मांग की है कि कीमैन और ट्रैक मेंटेनरों के ड्यूटी रोस्टर में आवश्यक बदलाव किया जाए तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।

 

कर्मचारियों का कहना है कि वे कठिन परिस्थितियों में कार्य करते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

 

रेल प्रशासन से अब इस मामले में ठोस कदम उठाने की अपेक्षा की जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *