डीआईजी मो. अर्शी से मिले AISMJWA के पदाधिकारी नववर्ष की बधाई के साथ हुई औपचारिक मुलाकात
रांची।


ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन (AISMJWA) के राष्ट्रीय महासचिव प्रीतम सिंह भाटिया ने अपनी टीम के साथ गुरुवार को रांची में डीआईजी (होमगार्ड) मो. अर्शी से नववर्ष के अवसर पर औपचारिक मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान डीआईजी मो. अर्शी ने सरायकेला-खरसावां के एसपी के रूप में अपने कार्यकाल को याद करते हुए पत्रकार साथियों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा कोरोना काल में किए गए बेहतर कार्यों के लिए आयोजित सम्मान समारोह की चर्चा की। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन और सरायकेला-खरसावां पुलिस के सहयोग से आयोजित कोरोना वॉरियर्स सम्मान कार्यक्रम उन्हें आज भी याद है। यह पुलिस, प्रेस और पब्लिक के समन्वय से आयोजित एक अनोखा और अविस्मरणीय कार्यक्रम था।
इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव प्रीतम सिंह भाटिया ने डीआईजी मो. अर्शी को एक बार पुनः जमशेदपुर आने का आमंत्रण दिया और कहा कि भविष्य में इसी तरह का एक और कार्यक्रम शीघ्र आयोजित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि डीआईजी मो. अर्शी एक चर्चित और लोकप्रिय पुलिस पदाधिकारी होने के साथ-साथ एक अच्छे गायक भी हैं। झारखंड के विभिन्न जिलों में पदस्थापन के दौरान उन्होंने कई अवसरों पर अपनी गायकी से लोगों को प्रभावित किया है। पब्लिक और मीडिया फ्रेंडली अधिकारी के रूप में पहचान रखने वाले मो. अर्शी को हाल ही में सिमडेगा एसपी पद से पदोन्नत कर डीआईजी (होमगार्ड) बनाया गया है।
मुलाकात के दौरान ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से प्रदेश प्रवक्ता मोहम्मद सईद, जमशेदपुर के पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद सिंह, पश्चिमी सिंहभूम के पूर्व जिला महासचिव सुजीत साहू एवं सोमनाथ बैठा उपस्थित रहे।

