ईचाडीह पंचायत में घटिया सड़क निर्माण पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
गार्ड वॉल की गुणवत्ता पर भी जताई गई चिंता, उपायुक्त से की कार्रवाई की मांग


कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत ईचाडीह पंचायत के ग्रामीणों ने कारकीडीह पुल से बाकारकुड़ी फाटक तक चल रहे सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की जा रही है और प्रयुक्त सामग्री अत्यंत घटिया है, जिससे भविष्य में सड़क के क्षतिग्रस्त होने और दुर्घटनाओं की आशंका है।
इस संबंध में ईचाडीह पंचायत के मुखिया चित्तारंजन सिंह मुंडा, वार्ड सदस्य सानू कुमार एवं अन्य ग्रामीणों ने उपायुक्त सरायकेला-खरसावां और प्रखंड विकास पदाधिकारी को संयुक्त रूप से हस्ताक्षरयुक्त शिकायत पत्र सौंपा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कर दोषी एजेंसी पर सख्त कार्रवाई की जाए। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि खोखरो-कारकीडीह पुल पर बन रहे गार्ड वॉल में भी मानकों की अनदेखी की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण में कमजोर पत्थर, सीमेंट और बालू का प्रयोग हो रहा है, जिससे यह कभी भी ढह सकता है और जान-माल की हानि हो सकती है।

पूर्व मुखिया प्रतिनिधि गोराचांद सिंह मुंडा ने कहा कि यह सड़क एनएच-33 से जोड़ने वाली प्रमुख लिंक रोड है, जो चांडिल, जमशेदपुर और जिला मुख्यालय जैसे शहरी क्षेत्रों तक पहुंचने का महत्वपूर्ण मार्ग है। यदि समय रहते गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया गया, तो यह सड़क जल्दी ही जर्जर हो जाएगी और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई कर सड़क की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की अपील की है।


