Newsझारखण्ड

फाइनेंसर के नाम पर छल से चोरी गई बोरिंग गाड़ी बरामद, पांच आरोपी गिरफ्तार 

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में फाइनेंसर के नाम पर छलपूर्वक चोरी की गई एक बोरिंग गाड़ी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसकी जानकारी शुक्रवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर, चाईबासा बहामन टूटी ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी।

 

प्रेस वार्ता में मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार एवं सब इंस्पेक्टर राजकिशोर तिवारी भी उपस्थित थे। उन्होंने बताया कि तमिलनाडु के नामाकल जिले के निवासी एस. राजशेखर ने मुफ्फसिल थाना में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया था कि उनकी बोरिंग गाड़ी (रजिस्ट्रेशन नंबर KA06C 8935) को फाइनेंसर के नाम पर धोखाधड़ी कर चोरी कर लिया गया है। आवेदन के आधार पर मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 09/2026 दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा के निर्देश पर एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। तकनीकी सहायता के आधार पर पुलिस ने टेबो थाना क्षेत्र अंतर्गत कुन्दुरूगुटू जंगल (एनएच-75) से चोरी की गई बोरिंग गाड़ी बरामद की।

 

बरामदगी के दौरान गाड़ी पर सवार तौहिद अंसारी और एहसान अंसारी को मौके से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि डीजल समाप्त हो जाने के कारण गाड़ी जंगल में खड़ी कर दी गई थी और अन्य साथियों से डीजल मंगवाया गया था। इनके बयान के आधार पर पुलिस ने साहिल अकरम और तौहिद खान को मोटरसाइकिल और डीजल के साथ गिरफ्तार किया। इसके बाद बोरिंग गाड़ी के चालक रंजीत कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

 

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपियों ने इस कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।

 

गिरफ्तार आरोपी:

रंजीत कुमार (32 वर्ष), वर्तमान निवासी खप्परसाई, मुफ्फसिल थाना

तौहिद अंसारी (24 वर्ष), चान्हो, रांची

एहसान अंसारी (24 वर्ष), चान्हो, रांची

साहिल अकरम (21 वर्ष), विधानसभा थाना, रांची

तौहिद खान (20 वर्ष), विधानसभा थाना, रांची

जप्त सामग्री:

एक बोरिंग गाड़ी (KA06C 8935)

एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (JH01EZ 8126)

28 लीटर डीजल (ड्रम में)

8 मोबाइल फोन

 

इस छापामारी अभियान में मुफ्फसिल और टेबो थाना की पुलिस टीम शामिल रही।

 

चाईबासा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अपराध से संबंधित जानकारी मिलने पर तुरंत नजदीकी थाना, डायल 112 अथवा पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9508243546 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *