गौड़ सेवा संघ की केंद्रीय समिति की बैठक सम्पन्न, समाज के संविधान संशोधन पर मंथन
दिवंगत उपाध्यक्ष नीलसेन प्रधान को दी गई श्रद्धांजलि


राजनगर :- सरायकेला जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत सिजुलता गांव स्थित गौड़ सेवा संघ के केंद्रीय कार्यालय में रविवार को संघ की एक अहम बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय अध्यक्ष चतुर्भुज बारीक ने की।
इस दौरान समाज के गठन के समय बनाए गए संविधान की पुनरावलोकन करते हुए उसके अद्यतन पर गंभीर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि बदलते समय के साथ समाज के नियमों और कार्यशैली में यथोचित परिवर्तन ज़रूरी है, ताकि संगठन और अधिक सशक्त और प्रभावी बन सके।
बैठक में गौड़ जागरण रथ कार्यक्रम की समीक्षा की गई, जिसे समाज के बीच जागरूकता फैलाने के लिए एक कारगर पहल बताया गया। साथ ही संस्थापक दिवस और आगामी आयोजनों की कार्य योजना भी तय की गई।
इस अवसर पर संघ के दिवंगत उपाध्यक्ष नीलसेन प्रधान के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। सभी उपस्थित सदस्यों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
बैठक में महासचिव पीतोवास प्रधान, कृष्णा कुमार प्रधान, नागेश्वर प्रधान, नेबु प्रधान, भास्कर महाकुड़, चीनीवास प्रधान, अभिमन्यु गोप, रूपन प्रधान, प्रह्लाद गोप, अजीत प्रधान, हरेकृष्ण प्रधान, गणेश गोप और श्यामसुंदर महाकुड़ समेत दर्जनों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

