Newsझारखण्ड

गढ़वा में पीडीएस घोटाला: दो सहायक प्रबंधक गिरफ्तार, 12 हजार क्विंटल अनाज गबन का आरोप

गढ़वा जिले में पीडीएस अनाज गबन के बड़े मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस घोटाले में दो सरकारी पदाधिकारियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मेराल प्रखंड के सहायक प्रबंधक दीपक चंचल और केतार प्रखंड के सहायक प्रबंधक राजीव कुमार के रूप में हुई है। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत लाभुकों को मिलने वाले चावल और गेहूं का गबन किया। बताया जा रहा है कि करीब 12 हजार क्विंटल अनाज सरकारी गोदामों से गायब है, जिसकी बाजार कीमत लगभग चार करोड़ रुपये आंकी गई है।

जांच में सामने आया है कि मेराल प्रखंड में 2,700 क्विंटल और केतार प्रखंड में 9,000 क्विंटल अनाज का हेरफेर किया गया। पुलिस अधीक्षक दीपक पांडेय ने बताया कि दोनों अधिकारियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गबन में और कौन-कौन शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इतनी बड़ी मात्रा में अनाज का गायब होना गढ़वा जैसे पिछड़े जिले के लिए गंभीर चिंता का विषय है। यह मामला अब पूरे जिले में चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *