Newsझारखण्ड

गढ़वा विधायक के खोखले वादों से जनता त्रस्त, भ्रामक राजनीति नहीं चलेगी: मिथिलेश ठाकुर

गढ़वा में नगर निकाय चुनाव से पहले राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के आरोपों पर पलटवार करते हुए पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने प्रेस वार्ता कर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि गढ़वा की जनता अब खोखले वादों और भ्रामक राजनीति से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है।

मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि पिछले करीब 14 महीनों से गढ़वा में विकास कार्य लगभग ठप पड़े हैं, जिससे आम लोग निराश हैं। चुनाव नजदीक आते ही मौजूदा विधायक द्वारा तथ्यहीन और भ्रम फैलाने वाले बयान दिए जा रहे हैं, ताकि असली मुद्दों से ध्यान हटाया जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि हर चुनाव में धर्म और जाति के आधार पर समाज को बांटने की कोशिश की जाती है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सौहार्द के खिलाफ है।

पूर्व मंत्री ने कहा कि गढ़वा की जनता अब समझ चुकी है कि विकास के नाम पर केवल वादे किए गए, लेकिन जमीन पर काम नहीं हुआ। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी नगर परिषद चुनाव में जागरूक मतदाता झामुमो समर्थित प्रत्याशी संतोष केशरी को क्रमांक 12 पर ‘सीसीटीवी कैमरा’ चुनाव चिह्न पर मतदान कर करारा जवाब देंगे।

मिथिलेश ठाकुर ने अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके समय में गढ़वा में आधारभूत संरचना, प्रशासनिक सुविधाओं और सार्वजनिक स्थलों का व्यापक विकास हुआ। उन्होंने दोहराया कि झामुमो की राजनीति निर्माण और जनहित पर आधारित है और आगे भी यही प्राथमिकता रहेगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *