घाटशिला उपचुनाव: भाजपा और झामुमो की रैली में नियमों का उल्लंघन, प्रशासन ने भेजा नोटिस – 24 घंटे में मांगा जवाब
घाटशिला उपचुनाव 2025:


नामांकन दिवस के दौरान भाजपा और झामुमो की वाहन रैली में नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आया है। जिला प्रशासन ने इस पर तुरंत जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
घाटशिला विधानसभा के निर्वाची पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी ने भाजपा के मोंटू कुमार और झामुमो के राजहंस मिश्रा को नोटिस जारी करते हुए 24 घंटे में स्पष्टीकरण देने को कहा है। आरोप है कि दोनों दलों की रैली में बिना हेलमेट सैकड़ों बाइक सवार शामिल थे, जिससे मोटर वाहन अधिनियम और आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन हुआ।
जानकारी के अनुसार, भाजपा की ओर से ताम्र प्रतिभा मंच मैदान से अनुमंडल कार्यालय तक बाइक रैली निकाली गई थी, जबकि झामुमो ने राज स्टेट से सर्कस मैदान और दाहीगोड़ा मार्ग तक जुलूस निकाला था।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोनों दलों ने रैली की अनुमति लेते समय यातायात नियमों के पालन का हलफनामा दिया था, लेकिन शर्तों का पालन नहीं किया गया। अधिकारी ने कहा कि यदि तय समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो दोनों दलों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

