गिरिडीह : कालापत्थर गांव में निरीक्षण के दौरान गरीब परिवारों की दशा देख भावुक हुए उपायुक्त
गिरिडीह जिले के सरिया प्रखंड स्थित कालापत्थर गांव में शनिवार को उपायुक्त रामनिवास यादव ने निरीक्षण के दौरान गरीब परिवारों की स्थिति देखकर गहरी संवेदना व्यक्त की। निरीक्षण के क्रम में जब उपायुक्त एक फूस के बने घर में पहुंचे, तो वहां रह रहे परिवार की दयनीय हालत देखकर कुछ देर के लिए भावुक हो उठे। टूटी झोपड़ी, जर्जर दीवारें और सीमित संसाधनों में जीवन यापन कर रहे लोगों की स्थिति ने प्रशासनिक अमले को भी सोचने पर मजबूर कर दिया।


उपायुक्त ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परिवार को तत्काल सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे। ऐसे परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला, हर घर नल योजना और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गांव के सभी घरों में बिजली, पेयजल और शौचालय की सुविधा सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ वास्तविक लाभुकों तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

