गिरिडीह के पारसनाथ पहाड़ी में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में विस्फोटक और नक्सली साहित्य बरामद
गिरिडीह जिले के पारसनाथ पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई की है। मधुबन थाना क्षेत्र के जिरियोबेरा गांव के पास घने जंगलों में चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और नक्सली साहित्य बरामद किया है।


अभियान 154 बटालियन सीआरपीएफ के द्वितीय कमांडिंग ऑफिसर अभिनव आनंद, एएसपी गिरिडीह सुरजीत कुमार, 203 कोबरा बटालियन के एसी गौरव शर्मा, खुखरा थाना प्रभारी निरंजन कच्छप और सीआरपीएफ इंस्पेक्टर ओम प्रकाश वर्मा के नेतृत्व में चलाया गया। इस दौरान जवानों ने जंगल की झाड़ियों और पत्थरों के बीच से 17 बंडल सेफ्टी फ्यूज (कुल 170 मीटर), 261 इग्नाइटर सेट, 3 खाली कारतूस, 3 रबर स्टैंप, 2 पार्टी झंडे, कुछ सड़ी हुई फाइलें और नक्सली दस्तावेज बरामद किए।
सुरक्षा बलों का कहना है कि यह सामग्री नक्सलियों ने विस्फोटक हमले और प्रचार कार्यों के लिए छिपाकर रखी थी। सभी बरामद वस्तुओं को जब्त कर लिया गया है और जांच जारी है। अधिकारियों के अनुसार, पारसनाथ क्षेत्र में नक्सलियों की सक्रियता की सूचना के बाद लगातार तलाशी अभियान जारी है। यह बरामदगी इस बात का संकेत है कि नक्सली अब भी इस इलाके में पैर जमाने की कोशिश कर रहे हैं।

