गिरिडीह में कार्तिक उद्यापन शोभायात्रा के दौरान दो पक्षों में भिड़ंत, पत्थरबाजी में 12 से अधिक लोग घायल
गिरिडीह जिले के ताराटांड़ थाना क्षेत्र के बदगुंदा गांव में बुधवार को कार्तिक उद्यापन शोभायात्रा के दौरान दो पक्षों के बीच भीषण झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से पत्थरबाजी और लाठी-डंडों का इस्तेमाल शुरू हो गया। इस घटना में 12 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।


सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर गांडेय के सीओ, बीडीओ के साथ-साथ ताराटांड़, गांडेय और अहिल्यापुर थानों की पुलिस पहुंची। हालात को देखते हुए एसपी डॉ. बिमल कुमार, उपायुक्त रामनिवास यादव और एसडीपीओ जितवाहन उरांव भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के मुताबिक, विवाद की जड़ मंगलवार शाम निकली तुलसी विवाह बारात थी, जिसके अगले दिन शोभायात्रा के दौरान जब लोग काली मंदिर के पास पहुंचे, तो दूसरे पक्ष ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इसी बात पर बहस बढ़ी और झड़प शुरू हो गई।
दोनों पक्षों के घायलों का इलाज स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा गया है।
एसपी बिमल कुमार ने बताया कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

