गम्हरिया अनाज गोदाम में जांच के दौरान हड़कंप, एसडीओ ने उजागर की बड़ी लापरवाही

गम्हरिया प्रखंड के नए अनाज गोदाम में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों की जांच के लिए सरायकेला अनुमंडल पदाधिकारी आईएस अभिनव प्रकाश अचानक निरीक्षण पर पहुंचे। गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे एसडीओ के गोदाम पहुंचते ही हड़कंप मच गया। मौके पर प्रभारी एजीएम सुनील कुमार चौधरी मौजूद नहीं थे, जबकि गोदाम में केवल ऑपरेटर और कुछ बाहरी मजदूर नजर आए। एसडीओ की गाड़ी देखते ही वे मजदूर भी धीरे-धीरे निकलते हुए गायब हो गए।


एसडीओ ने गोदाम में बैठकर फोन के जरिए प्रभारी एजीएम को बुलाया। काफी देर बाद जब सुनील कुमार चौधरी पहुंचे, तो उनसे स्टॉक की स्थिति पूछी गई। उन्होंने साफ कहा कि उन्हें अनाज के स्टॉक की गिनती करना नहीं आता। इसके बाद जब स्टॉक पंजी दिखाने की बात कही गई, तो उन्होंने बताया कि पंजी भी उपलब्ध नहीं है। लगभग एक घंटे के इंतजार के बाद एक मजदूर मिठाई की थैली में स्टॉक पंजी लेकर पहुंचा, जिससे गोदाम संचालन की गंभीर लापरवाही उजागर होती है।
एसडीओ अभिनव प्रकाश ने जांच जारी रखने की बात कही है और आश्वस्त किया है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। गम्हरिया अनाज गोदाम में गड़बड़ियों की ये स्थिति भ्रष्टाचार के आरोपों को और मजबूत करती है तथा पूरे सिस्टम पर बड़ा सवाल खड़ा करती है।

