गम्हरिया में सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर पूर्व सैनिकों का सम्मान, चंपाई सोरेन का संदेश
गम्हरिया में सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर पूर्व सैनिकों के संगठन “द वॉरियर्स ऑफ कोल्हान” द्वारा आयोजित कार्यक्रम में देशभक्ति की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता की तस्वीर और अमर शहीदों के सामने दीप प्रज्वलित कर की गई, तत्पश्चात गणमान्य अतिथियों ने “अमर जवान” पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।


पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए सीमाओं पर तैनात सैनिकों के बलिदान की वजह से ही 140 करोड़ भारतीय चैन की नींद सो पाते हैं। उन्होंने सैनिकों और उनके परिवारों के योगदान को समान रूप से सम्मान देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
सोरेन ने बताया कि रिटायर होने के बाद भी सैनिक समाज में अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्रभक्ति के आदर्श प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा लागू “वन रैंक, वन पेंशन” योजना का स्वागत किया, जिससे 25 लाख से अधिक पूर्व सैनिकों के परिवार लाभान्वित हो रहे हैं।
पूर्व सैनिकों को नई पीढ़ी को देश सेवा के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया। उन्होंने कहा कि देश की सेवा केवल वर्दी पहनकर नहीं, बल्कि स्वदेशी सामान खरीद, राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान, शिक्षा, सफाई अभियान, बुजुर्गों की सहायता और ईमानदारी से काम कर भी की जा सकती है।
कार्यक्रम में युद्धों में सैनिकों की वीरता का सजीव चित्रण और देशभक्ति गीतों का प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में भारतीय सेना के सैनिक, पूर्व सैनिक, उनके परिवार और एनसीसी कैडेट शामिल हुए।

