गुमला की अष्टम उरांव भारतीय महिला फुटबॉल टीम में चयनित, जिला प्रशासन ने माता-पिता को किया सम्मानित
गुमला की प्रतिभावान फुटबॉलर अष्टम उरांव का चयन भारतीय महिला फुटबॉल टीम में हुआ है, जिससे पूरे जिले में खुशी की लहर है। ऑस्ट्रेलिया में 1 मार्च से शुरू हो रहे एएफसी महिला एशियन कप के लिए घोषित भारतीय टीम में उन्हें डिफेंडर के रूप में जगह मिली है। यह टूर्नामेंट 21 मार्च तक चलेगा और 2027 फीफा महिला विश्व कप क्वालीफिकेशन से भी जुड़ा है।


जिला प्रशासन ने इस उपलब्धि पर अष्टम और उनके परिवार को बधाई दी। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार बिशुनपुर प्रखंड के गोरा टोली गांव स्थित उनके आवास पहुंचे और माता-पिता को सम्मानित किया। इस दौरान परिवार की आवश्यकताओं की जानकारी ली गई। अष्टम ने पक्का मकान, बोरिंग, शौचालय और बाउंड्री वाल निर्माण में सहयोग का अनुरोध किया, जिस पर प्रशासन ने सकारात्मक आश्वासन दिया।
उपायुक्त ने कहा कि अष्टम की मेहनत और समर्पण पूरे जिले के लिए प्रेरणा है। सीमित संसाधनों के बावजूद राष्ट्रीय टीम तक पहुंचना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग देता रहेगा, ताकि गुमला की बेटियाँ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकें।

