गुवाहाटी में जेकेएआई राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप संपन्न, झारखंड ने जीते 18 पदक
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): जापान कराटे एसोसिएशन ऑफ इंडिया (जेकेएआई) के तत्वावधान में 43वीं राष्ट्रीय सीनियर कराटे चैंपियनशिप, 13वीं वेटरन नेशनल कराटे चैंपियनशिप तथा 18वीं क्यू लेवल नेशनल कराटे चैंपियनशिप का आयोजन गुवाहाटी, असम में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह पांच दिवसीय चैंपियनशिप 16 जनवरी से 20 जनवरी 2026 तक आयोजित की गई।


इस अवसर पर राष्ट्रीय कराटे प्रशिक्षण शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में ब्लैक बेल्ट परीक्षा के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षक, परीक्षक एवं जज-रेफरी की परीक्षाएं भी आयोजित की गईं। प्रशिक्षण शिविर का संचालन जापान से आए जेकेए जापान के 7वीं डॉन ब्लैक बेल्ट ताकुया तानियामा तथा जेकेए इंडिया के मुख्य कराटे प्रशिक्षक 7वीं डॉन ब्लैक बेल्ट आनंद रत्ना द्वारा किया गया।
चैंपियनशिप में जेकेएआई झारखंड के कुल 27 कराटेकारों ने भाग लिया। इनमें 2 कराटेकारों ने वेटरन नेशनल कराटे चैंपियनशिप, 10 कराटेकारों ने क्यू लेवल नेशनल कराटे चैंपियनशिप तथा 15 कराटेकारों ने सीनियर नेशनल कराटे चैंपियनशिप में हिस्सा लिया। झारखंड टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 18 पदक अपने नाम किए, जिनमें 5 स्वर्ण, 5 रजत और 8 कांस्य पदक शामिल हैं।
*झारखंड टीम का परिणाम इस प्रकार रहा—*
8 वर्ष से नीचे क्यू लेवल बालिका काता एवं कुमीते वर्ग में सैलेजा चौधरी ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
10 वर्ष से नीचे क्यू लेवल बालिका काता एवं कुमीते वर्ग में अवनि मालहो हेंब्रोम ने कांस्य पदक जीता।
16 वर्ष से नीचे क्यू लेवल बालक काता वर्ग में देवाशीष गोप ने रजत तथा कुमीते में कांस्य पदक प्राप्त किया।
18 वर्ष से नीचे क्यू लेवल बालक काता एवं कुमीते वर्ग में दामोदर प्रसाद बारी ने स्वर्ण पदक जीता, वहीं इसी वर्ग में गौतम सुरीन ने काता एवं कुमीते में रजत पदक प्राप्त किया।
18 वर्ष से ऊपर क्यू लेवल बालक कुमीते वर्ग में मंगल तिरिया ने रजत पदक हासिल किया।
14 वर्ष से नीचे ब्लैक बेल्ट एवं ब्राउन बेल्ट मिक्स बालक-बालिका टीम काता वर्ग में अंश मछुवा, भूमिका बिरूली एवं लक्ष्मी हेंब्रम ने कांस्य पदक जीता।
18 वर्ष से नीचे सीनियर ब्राउन एवं ब्लैक बेल्ट बालिका काता वर्ग में भावनी कुमारी ने रजत तथा कुमीते में स्वर्ण पदक प्राप्त किया।
18 वर्ष से ऊपर सीनियर ब्राउन एवं ब्लैक बेल्ट पुरुष टीम काता वर्ग में रवि मछुवा, अंशु विश्वकर्मा एवं सावन कुमार मोहंती ने स्वर्ण पदक जीता।
50 वर्ष से ऊपर वेटरन पुरुष काता वर्ग में पंकज कुमार सिंह ने स्वर्ण तथा कुमीते में कांस्य पदक प्राप्त किया।
55 वर्ष से ऊपर वेटरन पुरुष कुमीते वर्ग में डॉ. अमरेश अनीश ने कांस्य पदक जीता।
इस राष्ट्रीय कराटे प्रशिक्षण शिविर में करीब 500 कराटेकारों ने भाग लिया, जबकि प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 800 कराटेकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
झारखंड टीम की इस सफलता पर संत जेवियर कल्याण केंद्र के डायरेक्टर फादर यूजीन एक्का, प्रभारी राकेश तिग्गा, जेकेएआई झारखंड के उपाध्यक्ष इरशाद अली, अन्य पदाधिकारियों एवं कई गणमान्य लोगों ने खुशी जताई। यह जानकारी जेकेएआई झारखंड के अध्यक्ष एवं प्रमुख कराटे प्र
शिक्षक पंकज कुमार सिंह ने दी।

