हेमंत सरकार ने फिर किया युवाओं से विश्वासघात: बाबूलाल मरांडी का तीखा हमला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा झारखंड विशिष्ट एवं तकनीकी योग्यताधारी प्रतियोगिता परीक्षा रद्द किए जाने को युवाओं के साथ बड़ा विश्वासघात बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लगातार युवाओं की उम्मीदों से खिलवाड़ कर रहे हैं। मरांडी ने सवाल उठाया कि आखिर परीक्षा रद्द करने की असली वजह क्या है — तकनीकी खामी या फिर सरकार की तैयारी में कमी?


उन्होंने कहा कि परीक्षा के एक दिन पहले अचानक रद्द किए जाने से हजारों अभ्यर्थियों को मानसिक और आर्थिक नुकसान हुआ है। मरांडी ने आरोप लगाया कि पिछले छह सालों में हेमंत सरकार ने बेरोजगार युवाओं को सिर्फ धोखा दिया है। कभी परीक्षा रद्द होती है, तो कभी पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का करियर बर्बाद हो रहा है।
मरांडी ने राज्य सरकार से मांग की कि वह तुरंत खामियों को दूर करे और पारदर्शी तरीके से परीक्षा की नई तिथि घोषित करे। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन अभ्यर्थियों ने केंद्र तक पहुंचने में खर्च किया है, उस राशि की भरपाई सरकार को करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ जारी रखेगी, तो भाजपा सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।

