हटिया रेलवे स्टेशन पर 11.5 लाख का गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
रांची के हटिया रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को आरपीएफ और फ्लाइंग टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 11.5 लाख रुपये मूल्य का 23 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस दौरान दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई आरपीएफ रांची के कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर की गई।


जानकारी के अनुसार प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध अवस्था में बैठे दो व्यक्तियों की ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह और फ्लाइंग टीम ने तलाशी ली। जांच के दौरान दोनों के बैगों से चार पैकेटों में बंद 23 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद फिरोज (32 वर्ष) और राम बिलास चौधरी (27 वर्ष), निवासी पश्चिम चंपारण, के रूप में हुई है।
दोनों के बैगों से अलग-अलग रंग के पिट्टू और हैंड बैग में गांजा पाया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह मादक पदार्थ राउरकेला से खरीदकर धनबाद ले जा रहे थे।
आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त अशोक कुमार सिंह की मौजूदगी में सभी पैकेटों की DD किट से जांच की गई, जिसमें गांजा की पुष्टि हुई। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर बरामद मादक पदार्थ और दोनों अभियुक्तों को जीआरपी हटिया को सौंप दिया गया।

