Newsझारखण्डसरायकेला

जारकानी में खनन पट्टा का ग्रामीणों ने किया विरोध, ग्रामसभा में लिया खनन के खिलाफ निर्णय

 

राजनगर। सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत गम्हरिया पंचायत के जारकानी गांव में प्रस्तावित खनन कार्य को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है। बुधवार को पारंपरिक ग्राम प्रधान सह माझी बाबा लाभों बास्के की अध्यक्षता में विशेष ग्रामसभा आयोजित की गई। इसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण शामिल हुए और खनन पट्टा एवं खनन कार्य का विरोध किया।

 

ग्रामसभा में ग्रामीणों ने कहा कि खनन कार्य से गांव के जंगल, जमीन, जलस्रोत और प्राकृतिक पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ग्रामीणों का कहना था कि प्राकृतिक संसाधनों की कीमत पर किसी भी प्रकार का विकास उन्हें स्वीकार नहीं है। आने वाली पीढ़ियों के अधिकारों और पर्यावरण की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गांव में खनन कार्य नहीं होने देने का निर्णय लिया गया।

 

ग्रामीणों ने एकजुट होकर कहा कि ग्रामसभा की सहमति के बिना गांव में किसी भी प्रकार का खनन कार्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जरूरत पड़ने पर खनन के खिलाफ लंबे संघर्ष का ऐलान भी किया। ग्रामसभा में जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए सामूहिक रूप से संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया।

 

बैठक में महिलाओं और पुरुषों की बड़ी संख्या में मौजूदगी से ग्रामीणों की एकजुटता साफ नजर आई। ग्रामीणों ने प्रशासन से भी मांग की कि खनन पट्टा अथवा खनन कार्य से संबंधित किसी भी निर्णय में ग्रामसभा की राय और स्थानीय लोगों की सहमति को प्राथमिकता दी जाए।

 

जारकानी में ग्रामसभा के फैसले के बाद खनन कार्य को लेकर ग्रामीणों का विरोध खुलकर सामने आ गया है। आने वाले दिनों में ग्रामीण इस मुद्दे को लेकर प्रशासन के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराने के साथ आंदोलन का रास्ता भी अपना सकते हैं।

Share this news