Jharkhand Big News: देर रात हुई घटना से सनसनी, मौके पर जुटी भीड़—अधिकारियों ने संभाली स्थिति
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, पाकुड़ में जन लोक कल्याण परिषद द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता और शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने छात्राओं से बाल विवाह के दुष्परिणामों पर विस्तार से बातचीत की और बताया कि यह न केवल शिक्षा में बाधा डालता है, बल्कि स्वास्थ्य और भविष्य को भी गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उपायुक्त ने सभी छात्राओं को बाल विवाह के खिलाफ जागरूक रहने और समाज में भी जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई।


कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में बनाई गई पेंटिंग और ड्राइंग को देखकर उपायुक्त ने बच्चियों की प्रतिभा की प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने 10वीं और 12वीं की तैयारी कर रही छात्राओं से बातचीत कर उन्हें बेहतर परिणाम लाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष पाकुड़ जिला को बोर्ड परीक्षा में शीर्ष स्थान पर लाने का लक्ष्य है, जिसके लिए सभी छात्राओं को पूरी निष्ठा के साथ मेहनत करनी होगी।
उपायुक्त ने छात्राओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए 12वीं के बाद स्किल डेवलपमेंट प्रशिक्षण लेने की सलाह दी, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। इसके बाद उन्होंने विद्यालय के किचन का निरीक्षण किया और भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता की भी समीक्षा कर संतोष जताया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी, परिषद के पदाधिकारी, वार्डेन और शिक्षिकाएँ मौजूद थीं।

