झींकपानी में हाथियों का तांडव जारी, कुंदन मुंडा का बागान नष्ट, ग्रामीण दहशत में
झींकपानी(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिमी सिंहभूम जिले में हाथियों का तांडव लगातार जारी है। बीते कुछ दिनों में जिले के दो प्रखंडों में हाथियों के हमले से तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। इन घटनाओं के बाद से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।


ताजा मामला झींकपानी प्रखंड का है, जहां जोड़ापोखर टोली कुम्हारटोली में शुक्रवार की रात हाथियों के झुंड ने भारी नुकसान पहुंचाया। बताया गया कि करीब आठ हाथियों का झुंड, जिसमें तीन बच्चे भी शामिल थे, रात के समय गांव में घुस आया। हाथियों ने ग्रामीण कुंदन मुंडा के बागान को खा लिया और पैरों से कुचलकर पूरी तरह नष्ट कर दिया।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों का यह झुंड आए दिन इलाके में उत्पात मचा रहा है। विशेषकर डुडियाबासा हाई स्कूल कॉलोनी, कुम्हारटोली, लोकेसाई, नवगांव, बुरूबासा, रोड़ेबासा और चड़ाबासा गांवों में रात के समय हाथियों की आवाजाही बनी हुई है। हाथियों के अचानक गांव में घुस आने से लोग घरों से बाहर निकलने से भी डर रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों के डर से रात में ठीक से सो पाना भी मुश्किल हो गया है। खेत, बागान और घरों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रहती है। कई परिवार रातभर जागकर हाथियों पर नजर रखने को मजबूर हैं।
इधर, वन विभाग के कर्मी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने के प्रयास में जुटे हुए हैं। विभाग की ओर से लगातार गश्त की जा रही है, लेकिन इसके बावजूद हाथियों की गतिविधियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से हाथियों के स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और लोग भयमुक्त होकर अपना जीवन यापन कर सकें।

