Newsझारखण्ड

झारखंड में वीवीआईपी उड़ान का कॉन्ट्रैक्ट फिर रेड बर्ड को, पहले एयर एंबुलेंस हादसे में गई थी 7 जानें

झारखंड सरकार ने वीआईपी और वीवीआईपी उड़ानों के संचालन की जिम्मेदारी एक बार फिर रेड बर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड को सौंप दी है। राज्य कैबिनेट की मंजूरी के बाद कंपनी को छह महीने के लिए कॉन्ट्रैक्ट का विस्तार दिया गया है। जानकारी के मुताबिक यह विस्तार वित्त विभाग के सामान्य टेंडर नियमों को शिथिल करते हुए सरकार के विशेषाधिकार के तहत दिया गया है।

बताया जा रहा है कि इससे पहले भी राज्य सरकार के वीआईपी और वीवीआईपी उड़ानों का कॉन्ट्रैक्ट रेड बर्ड एयरवेज के पास ही था, जिसकी अवधि 5 नवंबर 2025 को समाप्त हो चुकी थी। इसके बावजूद कंपनी ही लगातार यह सेवा उपलब्ध कराती रही।

नए निर्णय के तहत रेड बर्ड एयरवेज एक टर्बो प्रॉप ट्विन इंजन विमान उपलब्ध कराएगी, जिसमें कुल सात सीटें होंगी। इसके लिए राज्य सरकार कंपनी को प्रति घंटे लगभग 1 लाख 60 हजार रुपये का भुगतान करेगी। वहीं यदि विमान उड़ान नहीं भी भरता है, तब भी कंपनी को हर महीने न्यूनतम 60 घंटे का भुगतान दिया जाएगा। इस व्यवस्था के तहत कंपनी को प्रति माह अधिकतम 96 लाख और छह महीने में करीब 5 करोड़ 76 लाख रुपये का भुगतान किया जाएगा।

गौरतलब है कि इसी कंपनी का एक एयर एंबुलेंस 23 फरवरी को लातेहार-चतरा इलाके के जंगल में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें मरीज सहित सात लोगों की जान चली गई थी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *