झारखंड पुलिस में बड़ा reshuffle: 9 DSP को IPS रैंक, जल्द होगा व्यापक फेरबदल
झारखंड पुलिस सेवा में बड़े स्तर पर पदोन्नति और पुनर्संरचना की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य के नौ सीनियर डीएसपी को आईपीएस रैंक में प्रोन्नति प्रदान की गई है। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग जल्द ही इसका आधिकारिक आदेश जारी करेगा। जिन्हें प्रोन्नति मिली है उनमें श्रीराम समद, रोशन गुड़िया, अविनाश कुमार, राजेश कुमार, मजरूल होदा और दीपक कुमार-एक शामिल हैं। वहीं जेपीएससी के दूसरे बैच के राधाकृष्ण किशोर, मुकेश महतो और शुवेंदु को कंडिशनल प्रोन्नति दी गई है।


वर्तमान में झारखंड में 2012 से 2021 बैच तक कुल 71 एसपी रैंक के आईपीएस अधिकारी हैं, जिनमें से 10 केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत हैं। नौ नए अधिकारियों के शामिल होने से एसपी रैंक के आईपीएस अधिकारियों की संख्या बढ़कर 80 हो जाएगी। जनवरी 2026 में 2012 बैच के चार आईपीएस अधिकारियों के डीआईजी पद पर पदोन्नत होने के बाद यह संख्या घटकर 76 रह जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, आने वाले महीनों में झारखंड पुलिस में व्यापक संगठनात्मक बदलाव संभव है। विभिन्न स्तरों पर कुल 16 आईपीएस अधिकारियों को एडीजी, आईजी, डीआईजी और एसपी से सेलेक्शन ग्रेड तक पदोन्नति दी जानी है। इससे राज्य की पुलिस संरचना में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिलेगा।

