झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से शुरू, 8 दिसंबर को पेश होगा अनुपूरक बजट
झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज, 5 दिसंबर से शुरू हो गया। यह सत्र कुल पाँच कार्य दिवसों का होगा और 11 दिसंबर तक चलेगा। सत्र के दौरान सरकार वित्त वर्ष 2025-26 के लिए दूसरा अनुपूरक बजट पेश करेगी। बताया गया है कि 8 दिसंबर को लगभग 11,000 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट सदन के पटल पर रखा जाएगा।


सत्र शुरू होने से एक दिन पहले विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने सर्वदलीय बैठक बुलाई। बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विपक्ष के नेता और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। अध्यक्ष ने कहा कि सत्र का संचालन रचनात्मक माहौल में हो, इसके लिए सभी दलों से सहयोग की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि सत्र के दौरान प्रश्नकाल, शून्यकाल और विभिन्न विधेयकों पर चर्चा के साथ-साथ राज्य की महत्वपूर्ण समस्याओं पर विस्तृत विमर्श किया जाएगा। 5 से 11 दिसंबर के बीच होने वाले इस सत्र में सरकार से लेकर विपक्ष तक कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए जाने की संभावना है।

