LatestNewsNews postझारखण्ड

जिला विधिक सेवा प्राधिकार चाईबासा ने जरूरतमंदों के बीच कंबलों का वितरण किया

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, चाईबासा मौहम्मद शाकिर के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकार एवं नगर परिषद चाईबासा के संयुक्त तत्वावधान में जरूरतमंदों के बीच कंबलों का वितरण किया गया।

 

यह कार्यक्रम बड़ी बाजार, बरकंदाज टोली स्थित उर्दू बालिका विद्यालय के समीप आयोजित किया गया, जहां ठंड से बचाव के लिए जरूरतमंद लोगों को कंबल उपलब्ध कराए गए। कंबल पाकर लाभुकों के चेहरे पर राहत और संतोष देखा गया।

 

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रवि चौधरी ने बताया कि बढ़ती ठंड को देखते हुए प्राधिकार की ओर से कंबल वितरण का कार्यक्रम लगातार अलग-अलग स्थानों पर चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके लिए पहले से स्थान और लाभुकों का चयन किया जाता है, ताकि वास्तविक जरूरतमंदों तक सहायता पहुंच सके।

 

कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार जरूरतमंदों के लिए न केवल विधिक सहायता उपलब्ध कराता है, बल्कि सामाजिक दायित्व के तहत इस तरह के राहत कार्य भी करता है, जिससे समाज के कमजोर वर्गों को कठिन समय में सहयोग मिल सके।

 

कंबल वितरण कार्यक्रम में अधिकार मित्र अलकमा रूही और न्यायालय कर्मी बिलाल अहमद के अलावा स्थानीय लोग भी उपस्थित थे। सभी ने इस पहल की सराहना की और कहा कि ठंड के मौसम में इस तरह की सहायता गरीब और असहाय लोगों के लिए काफी मददगार साबित होती है।

कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। 

 

आयोजकों ने आगे भी जरूरतमंदों के लिए इस तरह के सामाजिक कल्याण कार्यक्रम जारी रखने की बात कही।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *