जिला विधिक सेवा प्राधिकार चाईबासा ने नशे के विरुद्ध सात दिवसीय अभियान की शुरुआत की
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली और झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) चाईबासा द्वारा नशे के विरुद्ध सात दिवसीय जागरूकता अभियान की शुरुआत की जा रही है। यह अभियान 5 जनवरी से 12 जनवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा। अभियान की शुरुआत 5 जनवरी को वॉकथॉन रैली (पदयात्रा) के साथ होगी।


यह अभियान (DAWN) ड्रग्स अवेयरनेस एंड वेलनेस नेविगेशन फॉर ड्रग फ्री इंडिया स्कीम 2025 के अंतर्गत चलाया जा रहा है। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डीएलएसए चाईबासा मोहम्मद शाकिर, सभी न्यायिक पदाधिकारीगण, जिला प्रशासन के अधिकारी, एलएडीसी के अधिवक्ता, पैनल अधिवक्ता, अधिकार मित्र तथा न्यायालय के कर्मचारी शामिल होंगे।
अभियान की जानकारी देते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रवि चौधरी ने बताया कि सात दिवसीय इस अभियान के तहत नशे के विरुद्ध लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों में ड्राइंग, लेखन और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा नुक्कड़ नाटक, संगोष्ठियां, समुदाय एवं संगठनों के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि रेडियो, समाचार पत्र और अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए भी लोगों तक नशे के दुष्परिणामों की जानकारी पहुंचाई जाएगी।
प्राधिकार का मुख्य उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और नशा मुक्त भारत का निर्माण करना है। अभियान का संदेश है— “सेय यस टू लाइफ, नो टू ड्रग्स।” इसके लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर सामूहिक प्रयास करने की अपील की गई है।

