Newsझारखण्डसरायकेला

जिले के सभी 27 धान अधिप्राप्ति केंद्रों पर धान क्रय कार्य विधिवत प्रारंभ — प्रथम दिन 343.48 क्विंटल धान की खरीद…

 

 

चांडिल प्रखंड के भाडूडीह लैंप्स लिमिटेड का माननीया विधायक, ईचागढ़ विधानसभा ने किया विधिवत उद्घाटन…

 

सरायकेला–खरसावाँ जिले में दिनांक 15 दिसंबर, 2025 से धान अधिप्राप्ति केंद्रों के माध्यम से धान क्रय कार्य विधिवत प्रारंभ किया गया है। इसके तहत जिले में स्थापित सभी 27 धान अधिप्राप्ति केंद्रों पर धान खरीद का कार्य सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है।

 

इसी क्रम में चांडिल प्रखंड अंतर्गत भाडूडीह लैंप्स लिमिटेड में धान अधिप्राप्ति केंद्र का विधिवत उद्घाटन माननीया विधायक, ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र, श्रीमती सविता महतो द्वारा किया गया।

 

उद्घाटन अवसर पर माननीया विधायक ने कहा कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले में धान अधिप्राप्ति केंद्रों की संख्या सुनिश्चित की गई है, ताकि किसानों को धान विक्रय हेतु किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों द्वारा विक्रय किए गए धान का भुगतान समयबद्ध एवं पारदर्शी रूप से सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही किसानों से अपील की कि वे अपने नजदीकी लैंप्स में ही धान का विक्रय करें तथा बिचौलियों से सतर्क रहें।

आज जिले में विभिन्न धान अधिप्राप्ति केंद्र/लैंप्स पर किसानों द्वारा कुल 343.48 क्विंटल धान का विक्रय किया गया। सभी केंद्रों पर धान क्रय कार्य निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित किया जा रहा है।

 

जिले में शेष 26 धान अधिप्राप्ति केंद्रों का उद्घाटन जनप्रतिनिधिगण — माननीय सांसद प्रतिनिधि, माननीय विधायक प्रतिनिधि, जिला परिषद सदस्य, मुखिया, प्रमुख तथा प्रखंड एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों (जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी) की उपस्थिति में किया गया।

 

जिले में स्थापित सभी धान अधिप्राप्ति केंद्रों पर किसान सरकारी न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹2450 प्रति क्विंटल पर धान का विक्रय कर सकते हैं।

 

उपायुक्त, सरायकेला–खरसावाँ ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे केवल सरकारी रूप से अधिकृत लैंप्स एवं धान अधिप्राप्ति केंद्रों पर ही अपने धान का विक्रय करें, ताकि उन्हें न्यूनतम समर्थन मूल्य का पूर्ण लाभ प्राप्त हो सके।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *