JamshedpurLatestNewsझारखण्ड

जमशेदपुर में आधी रात पुलिस–अपराधी मुठभेड़, अपहरण कांड के तीन आरोपी घायल

जमशेदपुर:

उद्योगपति कैरव गांधी अपहरण मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। गुरुवार देर रात अपराधियों की निशानदेही पर हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक दुबे बाल-बाल बच गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को सोनारी स्थित साईं मंदिर के पास हथियार बरामद कराने ले जाया गया था। इसी दौरान एक आरोपी ने अचानक पुलिसकर्मी की राइफल छीनने की कोशिश की और फायरिंग शुरू कर दी। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।

इस मुठभेड़ में तीन अपराधियों को गोली लगी है। घायलों की पहचान गुड्डू सिंह, मोहम्मद इमरान और रमीज राजा के रूप में हुई है। तीनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।

गौरतलब है कि 13 जनवरी को उद्योगपति कैरव गांधी का अपहरण हुआ था। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद 27 जनवरी को उन्हें सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंपा था। इस केस में अब तक कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।

बताया जा रहा है कि यह मुठभेड़ बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच हुई, जिसके बाद पूरे शहर में हलचल मच गई। वहीं एमजीएम अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार को डीजीपी तादाशा मिश्रा इस मामले को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा कर सकती हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *