खूंटपानी में 76 वां वन महोत्सव कार्यक्रम आयोजित,मंत्री दीपक बिरूवा एवं विधायक दशरथ गागराई हुए शामिल
चाईबासा/अजय कुमार :- खूंटपानी के प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय परिसर में सोमवार को वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से 76 वां वन महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के मंत्री दीपक बिरूवा एवं विशिष्ट अतिथि में खरसावां विधायक दशरथ गागराई शामिल हुए. कार्यक्रम का उद्घाटन अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया. इससे पूर्व स्कूली बच्चों ने अतिथियों का आदिवासी रीति रिवाज से भव्य स्वागत किया.इस दौरान मंत्री दीपक बिरूवा ने संदेश दिया कि वन महोत्सव पेड़ों के लाभों के बारे में जागरूकता बढ़ाने और लोगों को पर्यावरण संरक्षण प्रयासों में अधिक सक्रिय होने के लिए प्रोत्साहित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है.


उन्होंने कहा की अधिक पेड़ लगाकर हम जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को कम करने, पर्यावरण की रक्षा करने और मानव कल्याण को बढ़ावा देने में मदद कर सकते हैं. आज सब पेड़ लगाने के महत्व को समझ चुके हैं. और यह कहने की आवश्यकता नहीं है की पेड़ लगाना पृथ्वी को हरा भरा और खुशहाल बनाए रखने के लिए कितना अधिक जरूरी है. मां के नाम एक पेड़ अवश्य लगे साथ ही उसकी देखभाल भी अवश्य करें. कई बार रांची से चाईबासा आने के क्रम में कई जगहों पर जंगलों में आग लगे हुए देखा गया है. लेकिन इस पर वन विभाग सक्रिय रूप से कार्य नहीं कर रहे हैं. उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को ऐसी स्थिति में सक्रिय रूप से कार्य करने का निर्देश दिया है. विद्यालय में शिक्षकों की कमी की समस्याओं को देखते हुए मंत्री दीपक बिरूवा ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के प्रति काफी सजग. उन्होंने कहा कि शिक्षकों की कमी के कारण ही इस बार रिजल्ट भी कोल्हान क्षेत्र में अच्छी नहीं रही. शिक्षकों की कमी को देखते हुए इस बार 300 शिक्षकों की नियुक्ति घंटी आधारित डीएमफटी मद से की जाएगी. ताकि शिक्षा का स्तर बेहतर हो सके.

वहीं खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने उपस्थित ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि पौधारोपण मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है. वृक्ष ऑक्सीजन देने के साथ पर्यावरण को भी सुरक्षित करता है. विधायक श्री गागराई ने कहा कि पौधों की सुरक्षा एवं देखभाल के लिए तत्पर रहना होगा, तभी वन महोत्सव का अभियान सफल होगा. प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक-एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए. इसके बाद मंत्री दीपक बिरूवा एवं विधायक दशरथ गागराई ने स्कूल परिसर में एक-एक वृक्षारोपण किया. मौके पर विधायक प्रतिनिधि दुर्गा चरण पाड़ेया, प्रखंड अध्यक्ष बबलू गोडसोरा, अंचल अधिकारी फुलेश्वर साव, राहुल गोप, अशोक मुंडारी, बिरसा तियू, डीएफओ समेत काफी संख्या विद्यालय के छात्र-छात्राएं आदि उपस्थित थे.


