JamshedpurNewsझारखण्ड

कोल्हान विश्वविद्यालय में सत्र नियमित करने की कवायद तेज, 12 दिनों में प्रवेश परीक्षा संपन्न

जमशेदपुर:

कोल्हान विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) अंजिला गुप्ता द्वारा विभिन्न पाठ्यक्रमों के सत्रों को नियमित करने के लिए दिए गए सख्त निर्देशों का सकारात्मक असर अब दिखने लगा है।

विश्वविद्यालय प्रशासन की तत्परता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि महज छह महीने पहले सत्र 2024-27 में नामांकन के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई थी, और अब सत्र 2025-28 के लिए भी सफलतापूर्वक प्रवेश परीक्षा संपन्न करा ली गई है।

इस संबंध में 10 मार्च को परीक्षा एवं नामांकन से जुड़ी अधिसूचना जारी की गई थी। इसके बाद परीक्षा विभाग ने केवल 12 दिनों के भीतर सभी तैयारियां पूरी करते हुए परीक्षा का सफल आयोजन कराया।

कोऑपरेटिव लॉ कॉलेज में नामांकन के लिए कुल 459 छात्रों ने आवेदन किया था, जिनमें से 301 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 158 अनुपस्थित रहे। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए कोऑपरेटिव कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया था।

परीक्षा केंद्र पर परीक्षा विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी एवं सीबीसी डॉ. प्रभात कुमार सिंह पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे। वहीं, केंद्राधीक्षक डॉ. अमर सिंह के नेतृत्व में परीक्षा नियंत्रक डॉ. अंतरा कुमारी, उप परीक्षा नियंत्रक डॉ. स्वाति सोरेन एवं वित्त विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी डॉ. अशोक रब्बानी ने पारदर्शिता के साथ परीक्षा संपन्न कराई।

गौरतलब है कि लंबे समय तक स्थायी कुलपति नहीं रहने के कारण एलएलबी सहित कई पाठ्यक्रमों के सत्र विलंबित चल रहे थे। वर्तमान कुलपति ने इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए सभी सत्रों को जल्द से जल्द नियमित करने के निर्देश दिए हैं।

विश्वविद्यालय के इस सक्रिय प्रयास से उम्मीद जताई जा रही है कि नामांकन और परीक्षाओं की प्रक्रिया तेज होने के साथ अन्य लंबित सत्र भी शीघ्र ही पटरी पर आ जाएंगे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *