Newsझारखण्ड

16 साल बाद भी कुकड़ू में मूलभूत सुविधाओं का अभाव, 14 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो 27 अक्टूबर से भूख हड़ताल

 

 

कुकड़ू: सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर झारखंड आंदोलनकारी मोर्चा एवं प्रखंडवासियों के संयुक्त तत्वावधान में प्रखंड कार्यालय के समक्ष छह सूत्री मांगों को लेकर एक दिवसीय शांतिपूर्ण महाधरना दिया गया। मोर्चा का कहना है कि वर्ष 2009 में प्रखंड गठन के 16 वर्ष बाद भी क्षेत्र में कई जरूरी सुविधाओं का अभाव है। यदि अगले 14 दिनों के भीतर मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो 27 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।

 

मोर्चा की प्रमुख मांगों में स्वीकृत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण, प्रखंड कार्यालय में पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के पदों का सृजन, कोल्ड स्टोरेज का निर्माण, तिरुलडीह थाना का स्थानांतरण अथवा नए थाना की स्थापना, प्रखंड के विद्यालयों एवं झारखंड आवासीय विद्यालय में शिक्षकों की नियुक्ति तथा पुरुष गार्ड की नियुक्ति शामिल है।

मोर्चा के अनुसार, धरना-प्रदर्शन की लिखित सूचना संबंधित पदाधिकारियों को पहले ही दे दी गई थी। इसके बावजूद शाम चार बजे तक कोई पदाधिकारी धरनास्थल पर नहीं पहुंचा। इसे लेकर मोर्चा के सदस्यों ने नाराजगी जताई और आरोप लगाया कि प्रशासन आम जनता की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है। उनका कहना है कि प्रखंड गठन के 16 वर्ष बाद भी कई पदों का सृजन नहीं होना और प्रतिनियुक्ति के सहारे कामकाज चलना प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है।

 

बाद में अनुमंडल पदाधिकारी, चांडिल के हस्तक्षेप के बाद संबंधित पदाधिकारी धरनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद मोर्चा की ओर से छह सूत्री मांग पत्र सौंपा गया। मांग पत्र राज्यपाल के नाम संबोधित था, जिसकी प्रतिलिपि झारखंड के मुख्यमंत्री, संबंधित विभागों के मंत्रियों एवं मुख्य सचिवों को भी भेजी गई।

 

मोर्चा के अध्यक्ष सुनील कुमार महतो ने बताया कि 14 अक्टूबर से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल को फिलहाल स्थगित रखा गया है। संबंधित विभागों को मांगों पर कार्रवाई के लिए 14 दिनों का समय दिया गया है। निर्धारित अवधि में सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर 27 अक्टूबर से ग्रामीणों के साथ अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।

 

धरना के समापन पर मोर्चा ने आंदोलन को शांतिपूर्ण ढंग से सफल बनाने के लिए उपस्थित माताओं-बहनों, समाजसेवियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Share this news

Deepak Mahato

दीपक महतो – संस्थापक, छोटानागपुर लाइव   दीपक कुमार महतो पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने का व्यापक अनुभव है। अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने न्यूज़ 11 सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार पत्रों में काम किया है।   वर्तमान में वे छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live) के संस्थापक हैं। इसके माध्यम से वे झारखंड की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय समाचारों के माध्यम से आम जनता की आवाज को जन-जन तक पहुंचाना है।   वर्तमान पद: संस्थापक, छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live)   अनुभव: 8 वर्ष | प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनि क मीडिया