JamshedpurNewsझारखण्ड

पटमदा में नि:शुल्क चर्मरोग जांच शिविर, 23 संदिग्ध मरीजों की हुई जांच; एक नए कुष्ठ रोगी की पुष्टि

 

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में संचालित ‘मेरी दोस्ती तुमसे’ (एमडीटी) 100 दिवसीय कुष्ठ जागरूकता अभियान के तहत बुधवार, 14 अक्टूबर 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटमदा में नि:शुल्क चर्मरोग जांच शिविर का आयोजन किया गया। सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में सहियाओं द्वारा खोजे गए 23 संदिग्ध मरीजों की जांच की गई, जिनमें एक नए कुष्ठ रोगी की पुष्टि हुई। मरीज को नि:शुल्क एमडीटी दवा उपलब्ध कराई गई।

 

कार्यक्रम के दौरान जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. रंजीत कुमार पांडा ने उपस्थित सहिया, सहिया-साथी, बीएएफ और स्वास्थ्यकर्मियों को एमडीटी अभियान-2026 के तहत 10 अक्टूबर 2026 से 30 जनवरी 2027 तक चलने वाली कुष्ठ जागरूकता गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने अभियान के माध्यम से लोगों तक कुष्ठ रोग से जुड़ी सही जानकारी पहुंचाने और समय पर मरीजों की पहचान करने पर जोर दिया।

 

जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो ने कहा कि कुष्ठ रोग न तो अभिशाप है और न ही पिछले जन्म का पाप। यह बैक्टीरिया से होने वाला रोग है, जिसका इलाज सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में नि:शुल्क उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि शरीर पर किसी प्रकार का दाग होने और उस स्थान पर निश्चित रूप से सुनापन महसूस होने पर कुष्ठ रोग की आशंका हो सकती है। ऐसी स्थिति में बिना देरी किए चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। उन्होंने कुष्ठ रोग के प्रमुख लक्षणों, प्रकार, उपचार और इससे होने वाली दिव्यांगता के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।

एमपीडब्ल्यू जन्मेजय महतो ने कुष्ठ रोगियों के लिए सेल्फ केयर के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि उचित देखभाल और जरूरी उपचार से दिव्यांगता के प्रभाव को कम करने में मदद मिल सकती है। साथ ही उन्होंने रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी के माध्यम से कुष्ठ रोग से प्रभावित दिव्यांगता के सुधार की जानकारी दी। उन्होंने सहियाओं को कुष्ठ रोगियों की पहचान और जागरूकता गतिविधियों के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि के बारे में भी बताया।

 

शिविर के दौरान जांच में एक नए कुष्ठ रोगी की पुष्टि होने पर उसे नि:शुल्क एमडीटी दवा दी गई। इसके अलावा आठ मरीजों को एमसीआर चप्पल और दो मरीजों को सेल्फ केयर किट उपलब्ध कराई गई।

 

स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य ‘मेरी दोस्ती तुमसे’ अभियान के जरिए कुष्ठ रोग के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करना, संदिग्ध मरीजों की समय पर पहचान करना और उन्हें नि:शुल्क उपचार उपलब्ध कराना है, ताकि बीमारी के कारण होने वाली दिव्यांगता से बचाव किया जा सके।

Share this news

Deepak Mahato

दीपक महतो – संस्थापक, छोटानागपुर लाइव   दीपक कुमार महतो पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने का व्यापक अनुभव है। अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने न्यूज़ 11 सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार पत्रों में काम किया है।   वर्तमान में वे छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live) के संस्थापक हैं। इसके माध्यम से वे झारखंड की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय समाचारों के माध्यम से आम जनता की आवाज को जन-जन तक पहुंचाना है।   वर्तमान पद: संस्थापक, छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live)   अनुभव: 8 वर्ष | प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनि क मीडिया