ललमटिया में छलका दर्द : सूर्या हांसदा के परिजनों संग फूट-फूट कर रोए, CBI जांच की मांग पर अड़े जयराम महतो”
सूर्या हांसदा के कथित एनकाउंटर मामले को लेकर झारखंड की राजनीति तेज़ हो गई है। इसी कड़ी में आज झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) सुप्रीमो सह डुमरी विधायक जयराम महतो गोड्डा के ललमटिया स्थित सूर्या हांसदा के घर पहुँचे।


परिजनों से मुलाकात के दौरान माहौल बेहद भावुक हो उठा। जैसे ही परिजन जयराम महतो से मिले, वे फफक-फफक कर रो पड़े और सीने से लगकर अपना दर्द साझा किया।

जयराम महतो ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए एक बार फिर स्पष्ट कहा कि सूर्या हांसदा की मौत किसी साधारण मुठभेड़ की घटना नहीं है, बल्कि एक साज़िश है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इस पूरे मामले की CBI जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
उन्होंने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि झारखंड में आदिवासियों और मूलवासियों को योजनाबद्ध तरीके से निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार चुप रही तो यह आंदोलन और तेज़ होगा।
इस दौरान सूर्या हांसदा के वे बच्चे भी मौजूद थे, जिनकी परवरिश की ज़िम्मेदारी सूर्या खुद उठाए हुए थे। बच्चों का टैलेंट देखकर जयराम महतो भावुक हो गए और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
गांव में हुई इस मुलाकात ने न सिर्फ परिजनों बल्कि पूरे इलाके को झकझोर दिया है। अब देखना होगा कि सरकार इस मामले में आगे क्या कदम उठाती है।

