मधुबाजार में नितिन प्रकाश का जनसंपर्क अभियान, ‘खाता-21’ को बताया लिखित गारंटी
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): नगर परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी नितिन प्रकाश ने शनिवार को मधुबाजार क्षेत्र में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। अभियान की शुरुआत मधुबाजार स्थित हनुमान मंदिर से की गई, जहां से वे समर्थकों और स्थानीय गणमान्य लोगों के साथ गली-मोहल्लों, सब्जी बाजार और घर-घर पहुंचे।


जनसंपर्क के दौरान नितिन प्रकाश ने लोगों से चूड़ी छाप (बटन संख्या-3) पर मतदान करने की अपील की। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने सड़क, नाली, पेयजल, साफ-सफाई, बिजली, जल-निकासी और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उनके सामने रखीं। प्रत्याशी ने सभी समस्याओं को अपने “खाता-21” में दर्ज किया।
नितिन प्रकाश ने कहा कि उनका “खाता-21” केवल एक रजिस्टर नहीं, बल्कि जनता के साथ उनकी प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि इसमें दर्ज सभी समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता होगी और जीत के बाद वे इन पर काम करेंगे।
जनसंपर्क अभियान के बाद उर्दू लाइब्रेरी के समीप उनके चुनावी कार्यालय का उद्घाटन स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों और युवाओं की उपस्थिति में किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।
नितिन प्रकाश ने कहा कि नगर परिषद के सभी कार्य पारदर्शिता, ईमानदारी और जनभागीदारी के आधार पर किए जाएंगे। उन्होंने मधुबाजार जैसे व्यावसायिक क्षेत्रों की व्यवस्था सुधारने, जल-निकासी की समस्या दूर करने और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने को अपनी प्राथमिकता बताया।
नगर निकाय चुनाव को लेकर शहर में प्रचार अभियान तेज है और प्रत्याशी मतदाताओं तक पहुंचने में जुटे हुए हैं।

