महिला कॉलेज में अंतर्राष्ट्रीय हिन्दी दिवस का आयोजन
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता ): रविवार को महिला कॉलेज के हिन्दी विभाग और आईक्यूएसी के संयुक्त तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय हिन्दी दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रभारी प्राचार्या एवं हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ सुचिता बाड़ा सहित सभी शिक्षकों द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई।


डॉ सुचिता बाड़ा ने उपस्थित सभी लोगों का स्वागत करते हुए वर्ष 2026 की थीम “कृत्रिम बुद्धिमत्ता के लिए हिन्दी का उपयोग” पर प्रकाश डाला। उन्होंने हिन्दी भाषा की वर्तमान प्रासंगिकता और भविष्य की संभावनाओं पर जानकारी दी।
प्रोफेसर विकास मिश्रा ने 14 सितंबर को मनाए जाने वाले हिन्दी दिवस और 10 जनवरी को मनाए जाने वाले विश्व हिन्दी दिवस की सार्थकता को स्पष्ट किया। डॉ अर्पित सुमन टोप्पो ने हिन्दी भाषा की सरलता और आम लोगों द्वारा अधिक प्रयोग में लाई जाने वाली भाषा के रूप में इसकी उपयोगिता पर अपने विचार रखे। डॉ अमृता जयसवाल ने विदेशों में हिन्दी के प्रचार और प्रसार पर जोर दिया।
कार्यक्रम में डॉ अंजना सिंह, चंद्रमोहन, सितेंद्र रंजन और मदन मोहन मिश्रा ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के अंत में प्रोफेसर सोनामाई सुंडी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
इस अवसर पर आईक्यूएसी और हिन्दी विभाग की छात्राओं ने भाषण, कविता पाठ और पारंपरिक गीतों की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्राएं और अन्य लोग उपस्थित रहे। मंच संचालन ज्योति कुमारी और कृपा एक्का ने किया।

