मिठाई और रिटेल दुकानों का औचक निरीक्षण, एक्सपायरी उत्पाद नष्ट
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला उपायुक्त के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी धनेश्वर हेम्ब्रम ने आज चक्रधरपुर में मिठाई, केक और रिटेल दुकानों का औचक निरीक्षण किया। आगामी त्योहार को ध्यान में रखकर किए गए इस निरीक्षण के दौरान पवन चौक स्थित पवित्र भोजनालय और गुप्ता जी स्वीट्स एंड स्नैक्स में गंदगी और एक्सपायरी उत्पाद पाए जाने पर दुकानों को नोटिस दिया गया। निरीक्षण के दौरान एक्सपायरड रियल जूस और 7 अप को नष्ट कर दिया गया।


साथ ही मिठाई दुकानों में अखाद्य रंगों की भी जांच की गई, जिसमें कोई अखाद्य रंग नहीं पाया गया।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी धनेश्वर हेम्ब्रम ने सभी खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिया कि वे अपने प्रतिष्ठान में साफ-सफाई और हाइजीन बनाए रखें। उन्होंने कहा कि सभी दुकानदारों को अनिवार्य रूप से फूड लाइसेंस प्राप्त करना चाहिए और एक्सपायर, बासी या सड़ी-गली खाद्य सामग्री को तुरंत नष्ट करना चाहिए। इसके अलावा, पैकेज्ड खाद्य सामग्री पर FSSAI लाइसेंस नंबर, निर्माण तिथि, एक्सपायरी तिथि और निर्माता का पूरा पता अंकित होना अनिवार्य है।

धनेश्वर हेम्ब्रम ने बताया कि औचक निरीक्षण की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी। उन्होंने सभी खाद्य कारोबारियों से अपील की कि वे नियमों का पालन करते हुए हाइजीनिक तरीके से कारोबार सुनिश्चित करें।

इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहार के दौरान उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना बताया गया।

