Newsझारखण्ड

मनरेगा बचाओ अभियान के तहत चाईबासा में कांग्रेस का एक दिवसीय उपवास और प्रतीकात्मक विरोध

मनरेगा बचाओ अभियान के तहत चाईबासा में कांग्रेस का एक दिवसीय उपवास और प्रतीकात्मक विरोध

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत एक दिवसीय उपवास और प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन किया गया। यह कार्यक्रम गांधी मैदान स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा के नीचे आयोजित हुआ, जहां कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मनरेगा मजदूरों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई।

 

कार्यक्रम की शुरुआत भारत रत्न और देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला पर्यवेक्षक और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण अर्थव्यवस्था और मजदूरों की जीवनरेखा है।

 

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान केंद्र सरकार इस योजना को लगातार कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि गांवों में न तो समय पर काम मिल रहा है और न ही मजदूरी का भुगतान हो रहा है, जो सरकार की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस योजना के साथ महात्मा गांधी का नाम जुड़ा है, उसका नाम बदलना भाजपा की सोच को दर्शाता है।

 

कांग्रेस जिलाध्यक्ष रंजन बोयपाई ने कहा कि काम और मजदूरी के अभाव में गरीब परिवार पलायन को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक हर जरूरतमंद को रोजगार की गारंटी और बकाया भुगतान नहीं मिलता, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने योजना में व्याप्त भ्रष्टाचार को समाप्त कर इसे और अधिक सुदृढ़ बनाने की मांग की।

 

प्रदर्शन का संचालन यूथ इंटक जिलाध्यक्ष सुरेश सावैयां ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने दिया। कार्यक्रम को आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक दीनबंधु बोयपाई, पूर्व जिलाध्यक्ष सन्नी सिंकु, जिला महासचिव कैरा बिरुवा, मासूम रजा, प्रवक्ता त्रिशानु राय, युवा कांग्रेस जिला महासचिव गुलजार अंसारी, पूर्व जिला कोषाध्यक्ष राधा मोहन बनर्जी, पूर्व जिला सचिव राम सिंह सावैयां, कोल्हान विश्वविद्यालय अध्यक्ष वीर सिंह बालमुचू और मंडल अध्यक्ष विनीत लागुरी ने भी संबोधित किया।

 

मौके पर कांग्रेस जिला महासचिव लियोनार्ड बोदरा, अविनाश कोड़ाह, युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष संदीप सन्नी देवगम, अधिवक्ता मिली बिरुवा, एनएसयूआई प्रदेश सचिव विवेक विशाल प्रधान, जिलाध्यक्ष अनीष गोप, नगर महासचिव मो. जाबीर, मंडल अध्यक्ष राजू कोड़ाह, वरीय कांग्रेसी अमृत माझी, शिवकर बोयपाई, अजय कुमार, राकेश सिंह, संजय साव, महाबीर प्रसाद, विशाल गुड़िया, सचिन बिरुवा, नितिन गोप, अरिल सिंकु, चंद्रशेखर प्रसाद, सुशील दास सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *