नई सीजीपीसी गठन की जरूरत, युवा सिख आगे आएं : कुलबिंदर सिंह
रहित मर्यादा के अनुरूप हो क़ौम का नेतृत्व


जमशेदपुर – क़ौमी सिख मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अधिवक्ता कुलबिंदर सिंह ने कोल्हान में नई सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) के गठन की मांग की है। उनका कहना है कि मौजूदा नेतृत्व फर्जी तरीके से चुनाव जीतकर पद पर काबिज है और रहित मर्यादा के पालन की उनसे उम्मीद नहीं की जा सकती।
उन्होंने कहा कि वर्तमान नेतृत्व के समर्थक खुले तौर पर दावा कर रहे हैं कि आने वाले कई वर्षों तक मानगो एवं सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी में नेतृत्व परिवर्तन नहीं होगा। “क्या हम कुर्सी और पद के भूखे हैं? गंदे आरोपों से घिरे लोग क़ौम का नेतृत्व करेंगे? समाज में क्या अच्छे लोग नहीं हैं जो ईमानदारी से नेतृत्व कर सकें?” – कुलबिंदर सिंह ने सवाल किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा नेतृत्व और उनके समर्थक पद बनाए रखने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। “राजनीतिक दलों के नेता भी इतनी जल्दी पद और पावर के लिए चोला नहीं बदलते जितनी तेजी से ये बदल रहे हैं। वोट की हेराफेरी, मतदाता सूची में गड़बड़ी और एक ही व्यक्ति का नाम कई गुरुद्वारों की सूचियों में शामिल करना इनके लिए आम बात है,” उन्होंने कहा।
कुलबिंदर सिंह ने स्पष्ट किया कि यदि मौजूदा पदाधिकारी वास्तव में रहित मर्यादा के प्रति समर्पित होते, तो अब तक स्वेच्छा से इस्तीफा देकर अपने पदाधिकारियों की मेडिकल जांच कराते और यह सार्वजनिक करते कि कोई भी नशे का सेवन नहीं करता।

