नेपाल-तिब्बत सीमा पर भीषण बाढ़ में पोटका के बुजुर्ग दंपति समेत 32 पर्यटक लापता, परिजनों में मचा हड़कंप

पोटका : नेपाल और तिब्बत सीमा क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ के बाद मानसरोवर यात्रा पर गए भारत के 32 पर्यटकों के लापता होने की सूचना से हड़कंप मच गया है। लापता पर्यटकों में पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड अंतर्गत हल्दीपोखर निवासी 62 वर्षीय मानस कुमार घोष और उनकी पत्नी दीपाली सरकार भी शामिल हैं।


जानकारी के अनुसार, घोष दंपति कोलकाता से 32 सदस्यीय पर्यटक दल के साथ मानसरोवर यात्रा के लिए रवाना हुए थे। यात्रा का संचालन भारतीय एजेंसी छोलो जाई ट्रैवल्स और सम्राट टूर एंड ट्रैवल्स, नेपाल के माध्यम से किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि बाढ़ आने से ठीक पहले सुबह करीब 7:45 बजे नेपाल-तिब्बत सीमा पर स्थित इमिग्रेशन ऑफिस के पास दोनों को आखिरी बार देखा गया था। इसके बाद से उनका परिवार से संपर्क पूरी तरह टूट गया है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद हल्दीपोखर में उनके परिजनों और परिचितों में चिंता का माहौल है। शिक्षक अरुण सरकार समेत अन्य परिजन घोष दंपति की सुरक्षा को लेकर गहरे सदमे में हैं और लगातार उनके सकुशल लौटने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
बताया गया है कि 32 सदस्यीय इस दल में पूर्व मंत्री मुकुल राय की पुत्रवधू समेत कई अन्य पर्यटक भी शामिल हैं। परिजनों ने प्रशासन और संबंधित एजेंसियों से लापता पर्यटकों का जल्द पता लगाने और राहत-बचाव अभियान तेज करने की मांग की है।
परिजनों ने अपील की है कि मानस कुमार घोष और दीपाली सरकार के संबंध में किसी को भी कोई जानकारी मिले तो इन मोबाइल नंबरों पर तत्काल सूचना दें—
+91 9051348866, +91 8486841390, +91 6295978168, +91 8861158886।

