NH-220 पर भीषण सड़क हादसा, टेलर से टकराकर झाड़ियों में घुसी अर्टिगा कार, सभी सवार गंभीर रूप से घायल
सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-220 पर बागरायसाई के तीखे मोड़ के पास सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, अर्टिगा कार (JH05CM2355) के सामने अचानक टेलर आ गया। टेलर से टक्कर बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई और टेलर से टकराने के बाद सड़क किनारे झाड़ियों में जा घुसी। इस दुर्घटना में कार सवार सभी युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि सभी घायल सरायकेला के रहने वाले हैं।

हादसा इतना भीषण था कि कार चालक स्टीयरिंग के बीच बुरी तरह फंस गया। करीब आधे घंटे तक चालक कार के अंदर फंसा रहा। स्थानीय लोगों और राजनगर पुलिस की मदद से काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों को कार से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
वहीं, घायलों को अस्पताल पहुंचाने के दौरान 108 एंबुलेंस सेवा उपलब्ध नहीं होने का मामला भी सामने आया। स्थानीय लोगों के अनुसार, बार-बार संपर्क करने के बावजूद एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। बताया जा रहा है कि एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल के कारण यह परेशानी हुई। इसके बाद रूंगटा माइंस लिमिटेड की एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH), जमशेदपुर भेजा गया।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही विधायक प्रतिनिधि सनत आचार्य राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और बेहतर इलाज के लिए उन्हें TMH भेजने की व्यवस्था में सहयोग किया। इस दौरान सनत आचार्य ने 108 एंबुलेंस सेवा उपलब्ध नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए सरकार और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सड़क हादसे जैसी आपात स्थिति में भी समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसी परिस्थितियों में आम लोगों को समय पर स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिलना चिंता का विषय है।
वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही सरायकेला नगर अध्यक्ष मनोज चौधरी भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि सरायकेला के रहने वाले युवकों के साथ हुई यह दुर्घटना बेहद दुखद है। सभी घायल जल्द से जल्द स्वस्थ होकर अपने घर लौटें, यही उनकी कामना है।
मनोज चौधरी ने आगे कहा कि भविष्य में इस तरह की सड़क दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए जिला प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। दुर्घटना संभावित स्थानों और तीखे मोड़ों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए। साथ ही, सड़क पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की दिशा में भी पहल होनी चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन से सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाने की अपील की, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।
फिलहाल सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए TMH, जमशेदपुर ले जाया गया है।


