LatestNewsNews postझारखण्ड

निकाय चुनाव नई मतदाता सूची से हों, राज्य सरकार सुनिश्चित करे: बाबूलाल मरांडी

रांची | झारखंड

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य में प्रस्तावित नगर निकाय चुनाव को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव पुराने मतदाता सूची के आधार पर कराए जाने की तैयारी लोकतांत्रिक भावना के खिलाफ है। मरांडी के अनुसार जानकारी मिल रही है कि चुनाव अक्टूबर 2024 की मतदाता सूची के आधार पर कराने की योजना है, जो उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि यदि वही मतदाता सूची लागू होती है, जिससे विधानसभा चुनाव कराए गए थे, तो 1 अक्टूबर 2024 के बाद जुड़े नए मतदाता और स्थानांतरण कर चुके मतदाता नगर निकाय चुनाव में मतदान से वंचित रह जाएंगे। यह स्थिति हजारों नागरिकों के मताधिकार पर सीधा प्रभाव डालने वाली है।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि मतदाता सूची का वार्षिक और अर्द्धवार्षिक पुनरीक्षण एक नियमित प्रक्रिया है। इसके बावजूद यदि अद्यतन सूची को नजरअंदाज कर पुराने आंकड़ों के आधार पर चुनाव कराए जाते हैं, तो यह लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों के विपरीत होगा।

उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि नगर निकाय चुनाव नई और संशोधित मतदाता सूची के आधार पर ही कराए जाएं, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता को अपने संवैधानिक अधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिल सके। मरांडी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती तभी संभव है, जब चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और समावेशी हो।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *