ऑटो प्रोफाइल कंपनी गेट पर शव रखकर धरना, मुआवज़े और नौकरी की मांग को लेकर परिजनों का प्रदर्शन
सरायकेला (दशरथ प्रधान):


सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित ऑटो प्रोफाइल लिमिटेड के तीन नंबर प्लांट में शुक्रवार सुबह से ही तनावपूर्ण माहौल बना रहा। मृतक शांतुनु बेहरा के परिजन और साथी मजदूर कंपनी गेट के सामने शव रखकर धरना प्रदर्शन कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, मृतक शांतुनु बेहरा 14 अक्टूबर की सुबह नाइट शिफ्ट पूरी कर कंपनी से निकले थे। कंपनी से निकलने के कुछ ही देर बाद गम्हारिया में उनका सड़क हादसा हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुँचे और उन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले गए। वहां से बेहतर इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) रेफ़र किया गया, लेकिन स्थिति गंभीर होने पर परिजन उन्हें भुवनेश्वर ले गए, जहाँ उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
मृतक के परिजनों ने कंपनी प्रबंधन से मांग की है कि मृतक के दोनों पुत्रों को कंपनी में नौकरी दी जाए, साथ ही 10 लाख रुपये मुआवज़ा और इलाज का पूरा खर्च दिया जाए।
इधर, मृतक की पत्नी ने टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनके पति की मृत्यु TMH में ही हो गई थी, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने बिल की राशि बढ़ाने के लिए यह दावा किया कि वे जीवित हैं। मृतक की पत्नी ने यह भी सवाल उठाया कि 7-8 यूनिट रक्त चढ़ाने के बावजूद उनके पति का शरीर पूरी तरह सफेद कैसे पड़ गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और कंपनी के मजदूरों की भारी भीड़ गेट के पास जमा हो गई। मौके पर पुलिस प्रशासन भी पहुँचा और स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में कंपनी के डायरेक्टर बिप्लब मुखर्जी और परिजनों के बीच वार्ता हुई। प्रबंधन द्वारा आश्वासन दिए जाने के बाद परिजनों ने जाम समाप्त कर शव को उठाया।


