पाकुड़ में 10 महीने का बकाया राशन नहीं मिला, लाभुकों ने DC से की शिकायत
पाकुड़ जिले के सदर प्रखंड के कालिदासपुर पंचायत सहित आसपास के कई गांवों के राशन कार्डधारी लाभुक आज उपायुक्त के पास पहुंचे और पिछले 10 महीनों का बकाया अनाज न मिलने की शिकायत की। लाभुकों का कहना है कि राशन डीलर द्वारा केवल आंशिक वितरण किया गया है। दशरथ मरांडी ने बताया कि 2 सितंबर को 250 से अधिक लाभुक शिकायत लेकर उपयुक्त कार्यालय पहुंचे थे, जहां उन्हें एक सप्ताह के भीतर बकाया अनाज देने का आश्वासन मिला था। लेकिन डीलर ने केवल 6 महीने का अनाज ही वितरित किया, जबकि कई लाभुकों को 4 महीने का ही अनाज मिला।


इस मुद्दे पर भाजपा प्रदेश कार्यकारी सदस्य और राज्य स्तरीय खाद्य निगम के सदस्य अनुग्राहित प्रसाद शाह ने भी शिकायत पत्र सौंपते हुए आदिवासी, गरीब और असहाय राशन कार्डधारियों को न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि जिला और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों ने पहले आश्वासन दिया था, लेकिन डीलर ने उसका पालन नहीं किया।
अनुग्राहित प्रसाद शाह ने हेमंत सरकार पर आरोप लगाया कि आदिवासियों का शोषण हो रहा है और उनका अनाज डीलरों द्वारा लूट लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करनी चाहिए और बकाया राशन सभी लाभुकों तक तुरंत पहुँचाना चाहिए। लाभुकों का कहना है कि वे न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखेंगे।

