पाकुड़ : पुरानी रंजिश में पत्थर कारोबारी की गोली मारकर हत्या, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पाकुड़ जिले के किस्मत लखनपुर में शनिवार को पुरानी रंजिश के चलते एक पत्थर कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 55 वर्षीय मकबूल शेख उर्फ शुकू शेख के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मकबूल का गांव के ही ललन शेख के साथ वर्षों पुराना विवाद चल रहा था। कुछ साल पहले हुए चुनावी झगड़े में मकबूल ने ललन के पिता से मारपीट की थी, जिसके बाद ललन ने बदला लेने की कसम खाई थी।


शनिवार शाम भारी बारिश के बीच मकबूल अपने घर के पास चाय दुकान के समीप खड़ा था, तभी आरोपी ललन शेख ने पिस्तौल से उस पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही मकबूल गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे पाकुड़ सदर अस्पताल पहुँचाया, जहाँ से हालत गंभीर होने पर जंगीपुर (प. बंगाल) रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ दयानंद आजाद और मुफस्सिल थाना प्रभारी गौरव कुमार ने तत्काल छापेमारी अभियान चलाया। कुछ ही घंटों में आरोपी ललन शेख और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि हत्या पुरानी रंजिश का नतीजा है और मामले में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है।

