परसुडीह थाना का घेराव, एलबीएसएम कॉलेज के छात्र पर हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

जमशेदपुर: एलबीएसएम कॉलेज के छात्र शुक्रा हो पर हुए हमले के मामले में शनिवार को परसुडीह थाना के बाहर लोगों का आक्रोश देखने को मिला। छात्र, ग्रामीण और कई सामाजिक संगठनों के लोग थाना पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।


प्रदर्शनकारियों का कहना था कि घटना को कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक पुलिस किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। उनका आरोप था कि मामले में कार्रवाई की रफ्तार काफी धीमी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
घायल छात्र शुक्रा हो ने बताया कि बुधवार रात वह अस्पताल से खाना खाने के लिए निकला था। इसी दौरान परसुडीह थाना क्षेत्र के दुर्गा पूजा मैदान मोड़ के पास बाइक से पहुंचे कुछ युवकों ने उसे घेर लिया और लाठी, लोहे की चेन समेत अन्य सामान से हमला कर दिया। हमले में उसके सिर, हाथ और कमर पर गंभीर चोटें आईं।
शुक्रा हो का कहना है कि कुछ दिन पहले उसने छात्रावास परिसर में एक युवक और युवती को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। उसे संदेह है कि उसी बात को लेकर उस पर हमला किया गया। घटना के बाद उसने परसुडीह थाना में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
इधर, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। आसपास के साक्ष्यों और शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। वहीं प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, वे अपनी मांग उठाते रहेंगे।

