Newsझारखण्ड

मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर महिलाओं को किया गया जागरूक

 

 

पोटका : एचडीएफसी बैंक परिवर्तन प्रोजेक्ट के अंतर्गत एडेंट संस्था द्वारा बुधवार को परियोजना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में “मासिक धर्म स्वच्छता दिवस” के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 100 से अधिक महिलाओं एवं किशोरियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को मासिक धर्म से जुड़ी स्वच्छता, स्वास्थ्य और जागरूकता के प्रति प्रेरित करना था।

 

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता दिवस के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। बताया गया कि प्रत्येक वर्ष 28 मई को मासिक धर्म स्वच्छता दिवस मनाया जाता है, ताकि समाज में मासिक धर्म को लेकर फैली झिझक, भ्रांतियों और गलत धारणाओं को दूर किया जा सके तथा महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाया जा सके।

 

इस अवसर पर महिलाओं एवं किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान साफ-सफाई बनाए रखने, समय-समय पर सैनिटरी पैड बदलने, पौष्टिक आहार लेने और व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई। साथ ही मासिक धर्म के दौरान होने वाली सामान्य समस्याओं एवं उनके बचाव के उपायों के बारे में भी जानकारी साझा की गई।

 

कार्यक्रम के अंत में महिलाओं के बीच सैनिटरी पैड के सैंपल भी वितरित किए गए, ताकि वे सुरक्षित एवं स्वच्छ मासिक धर्म प्रबंधन के प्रति जागरूक हो सकें। उपस्थित महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए तथा इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम को समाज के लिए उपयोगी बताया।

 

एचडीएफसी बैंक परिवर्तन प्रोजेक्ट के तहत आयोजित यह कार्यक्रम महिलाओं के स्वास्थ्य, सम्मान एवं सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल माना जा रहा है।

Share this news