JamshedpurNewsझारखण्ड

पोटका प्रखंड कार्यालय में लेटलतीफी पर भड़के विधायक संजीव सरदार, मुख्य द्वार पर बैठकर किया इंतजार

 

पोटका। प्रखंड सह अंचल कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों की कथित लेटलतीफी को लेकर मंगलवार को पोटका विधायक संजीव सरदार ने नाराजगी जताई। सुबह करीब 10:10 बजे कार्यालय पहुंचे विधायक को अधिकांश अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इसके बाद उन्होंने कार्यालय के अंदर जाने के बजाय मुख्य द्वार पर ही कुर्सी लगाकर बैठने का निर्णय लिया। विधायक करीब 11:30 बजे तक मुख्य द्वार पर बैठे रहे और कार्यालय पहुंचने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के समय पर नजर रखी।

 

इस दौरान सुबह करीब 10:25 बजे अंचलाधिकारी निकिता बाला कार्यालय पहुंचीं और विधायक से अंदर बैठने का अनुरोध किया, लेकिन विधायक ने इनकार कर दिया। उनका कहना था कि जब आम जनता अपने काम के लिए समय पर कार्यालय पहुंचती है, तो अधिकारियों और कर्मचारियों की भी जिम्मेदारी है कि वे निर्धारित समय पर उपस्थित रहें।

 

निरीक्षण के दौरान प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मनीषा कुमारी, श्रम पदाधिकारी धीरज कुमार, मनरेगा बीपीओ गुरुचरण महतो तथा क्लर्क अब्दुल रहमान, कार्तिक दास और लेडी सुपरवाइजर समेत कई कर्मियों के देर से पहुंचने की बात सामने आई। इस पर विधायक ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए समय की पाबंदी बरतने की हिदायत दी। वहीं, देर से पहुंचे कुछ पुरुष कर्मियों को माला पहनाकर उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में उनका स्वागत किया और अपनी नाराजगी जाहिर की।

 

विधायक संजीव सरदार ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आम जनता से जुड़े कार्यों का समय पर निष्पादन होना चाहिए। दूर-दराज के गांवों से ग्रामीण अपने जरूरी काम छोड़कर प्रखंड मुख्यालय पहुंचते हैं। ऐसे में यदि अधिकारी और कर्मचारी समय पर कार्यालय में मौजूद नहीं रहते हैं, तो लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

 

उन्होंने बताया कि वर्तमान में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य चल रहा है। पोटका क्षेत्र में 20 हजार से अधिक मतदाता विसंगति सूची में शामिल हैं और बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने दस्तावेजों में सुधार कराने के लिए प्रखंड मुख्यालय पहुंच रहे हैं। इस कार्य में धीमी प्रगति और ग्रामीणों को हो रही परेशानी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर उन्होंने कार्यालय का औचक निरीक्षण किया।

 

विधायक ने कहा कि देर से कार्यालय पहुंचने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों की शिकायत वरीय अधिकारियों से की गई है। साथ ही संबंधित कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी कार्यों में लापरवाही और जनता को अनावश्यक परेशान करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी कार्यशैली में सुधार लाने, समय पर कार्यालय पहुंचने तथा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। विधायक ने चेतावनी दी कि यदि कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ और जनता के काम में लापरवाही जारी रही, तो संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।

Share this news

Deepak Mahato

दीपक महतो – संस्थापक, छोटानागपुर लाइव   दीपक कुमार महतो पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने का व्यापक अनुभव है। अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने न्यूज़ 11 सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार पत्रों में काम किया है।   वर्तमान में वे छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live) के संस्थापक हैं। इसके माध्यम से वे झारखंड की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय समाचारों के माध्यम से आम जनता की आवाज को जन-जन तक पहुंचाना है।   वर्तमान पद: संस्थापक, छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live)   अनुभव: 8 वर्ष | प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनि क मीडिया