Newsझारखण्ड

परेड के दौरान जवान की हृदय गति रुक जाने से हुई मौत

 

 

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में तैनात सीआरपीएफ 197 बटालियन के जवान गोपालजी सिंह (46) का मंगलवार की सुबह अचानक हृदय गति रुकने से निधन हो गया। कैंप में परेड के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद सहकर्मी जवान उन्हें तुरंत सदर अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

जानकारी के अनुसार, गोपालजी सिंह हाल ही में छुट्टी से लौटे थे। वे अपने बेटे को दिल्ली में आईटीबीपी में सब-इंस्पेक्टर के पद पर ज्वाइन कराकर रविवार को ही वापस चाईबासा पहुंचे थे। सोमवार से उन्होंने फिर से ड्यूटी शुरू की थी। अचानक हुई इस घटना से कैंप के जवान सदमे में हैं और माहौल शोकपूर्ण है।

 

कागजी कार्यवाही पूरी होने के बाद जवान का शव उनके पैतृक गांव सिसवा बाबू, बेलघाट, गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) भेजा जाएगा। घटना की सूचना उनके परिवार को दे दी गई है, जिसके बाद गांव में भी मातम छा गया है।

 

सीआरपीएफ अधिकारियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है और परिजनों को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया है। बताया जाता है कि जवान सारंडा वन क्षेत्र में नक्सल-विरोधी अभियान में लगातार ड्यूटी कर रहे थे। सहकर्मियों ने कहा कि गोपालजी सिंह अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ जवान थे। उनकी अचानक मौत ने सभी को मर्माहत कर दिया है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *