पति की हत्या की गुत्थी सुलझी, पत्नी गिरफ्तार
आदित्यपुर थाना क्षेत्र के धीरजगंज मैदान के पास स्थित एक किराए के मकान में मंगलवार को हुई हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। मृतक की पहचान गिरिडीह जिले के उधनाबाद निवासी राजेश कुमार महथा के रूप में हुई है। हत्या के मामले में उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है।


पुलिस सूत्रों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चला आ रहा था। राजेश के अन्य महिलाओं से संबंध होने की बात सामने आई है, जिससे उसकी पत्नी नाराज़ और मानसिक तनाव में थी। इसी को लेकर दोनों में अक्सर झगड़े होते थे।
घटना की रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में आकर महिला ने पहले हथौड़े से हमला किया, फिर पति के संवेदनशील अंग पर वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद वह अपने बच्चों को लेकर फरार हो गई। पुलिस ने उसे गिरिडीह से गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि महिला अपने पति को लगातार समझाने की कोशिश कर रही थी। वह अक्सर कहती थी —
“मोहब्बत एक से होती है, हजारों से नहीं।”
लेकिन जब रिश्तों में कड़वाहट हद से गुजर गई, तो बात हत्या तक पहुंच गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला को गिरफ़्तार कर लिया है। एसडीपीओ समीर कुमार सवैया भी प्रेस वार्ता में मौजूद रहे।
फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है।

