राजगंज में विनोद बिहारी महतो का भव्य स्मारक बनेगा, सुदेश महतो ने दी जानकारी
धनबाद: राजगंज में विनोद बिहारी महतो का भव्य स्मारक बनाने की घोषणा की गई है। पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड की धरती ने सिर्फ खनिज नहीं, बल्कि समाज सुधारक और राजनीतिक चिंतक विनोद बिहारी महतो जैसे रत्न भी दिए हैं। उन्होंने बताया कि विनोद बाबू ने झारखंड आंदोलन को वैचारिक दिशा दी और समाज को ‘पढ़ो और लड़ो’ का संदेश दिया।


राजगंज में विनोद विचार मंच द्वारा आयोजित ‘बिनोद बाबु जन सम्मान समारोह’ में सैकड़ों झारखंड आंदोलनकारियों और बुद्धिजीवियों को सम्मानित किया गया। सुदेश महतो ने कहा कि विनोद बिहारी महतो का व्यक्तित्व सही तरीके से समझने की आवश्यकता है। उन्होंने गुरुजी शिबू सोरेन को आगे बढ़ाने में भी योगदान दिया। महतो ने यह भी कहा कि समाज में कुछ लोग राजनीतिक लाभ के लिए दूरगामी नुकसान कर देते हैं, जबकि विनोद बाबू के पदचिन्हों पर चलकर ही समृद्ध झारखंड बन सकता है।
गिरिडीह सांसद एवं केंद्रीय उपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि समारोह समाज सेवा, संघर्ष और जनहित के मूल्यों को सम्मान देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। इस अवसर पर आजसू के विधायक निर्मल महतो, पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो, विनोद बाबू के पौत्र राहुल महतो और अन्य कई आंदोलनकारी, बुद्धिजीवी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

